पांडातराई मंडल कांग्रेस कमेटी के प्रभारी बनाए गए नंदकुमार चंद्रवंशी, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

पंडरिया। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, जिला कांग्रेस कमेटी कवर्धा के अध्यक्ष नवीन जायसवाल तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम साहू के कुशल नेतृत्व में पंडरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा मंडल प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
इसी क्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नंदकुमार चंद्रवंशी को पांडातराई मंडल कांग्रेस कमेटी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
पांडातराई मंडल के अंतर्गत पांडातराई नगर पंचायत सहित डोंगरियाकला, चरखुराकला, चारभाठा खुर्द, चारभाठा कला, पुतकीकला, दशरंगपुर, सरईपतेरा एवं नवागांव जैसे ग्राम शामिल हैं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया है कि नंदकुमार चंद्रवंशी के नेतृत्व में मंडल क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति मिलेगी।
नवनियुक्त मंडल प्रभारी नंदकुमार चंद्रवंशी ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमन पाटसकर, पांडातराई मंडल अध्यक्ष आशीष दास गुप्ता, रूपेश चंद्रवंशी, जित्तू चंद्रवंशी, दीपक चंद्रवंशी, मुकेश चंद्रवंशी, पांडातराई नगर पंचायत के नेता प्रतिपक्ष प्रदीप जायसवाल, तिलक चंद्रवंशी, सुरेश ठाकुर, बालाराम जी, राजाराम यादव, जुगल किशोर पांडेय, संजय चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नंदकुमार चंद्रवंशी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
नंदकुमार चंद्रवंशी की नियुक्ति को संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


