विश्व साइकिल दिवस पर खैरागढ़ में निकली भव्य साइकिल रैली, स्वस्थ जीवन, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति का दिया संदेश

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार KCG
खैरागढ़ : विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रविवार को खैरागढ़ नगर में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना था। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, स्काउट-गाइड सदस्यों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइकिल रैली का शुभारंभ राजा फतेह सिंह खेल मैदान से किया गया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जयस्तंभ चौक, इतवारी बाजार, बख्शी मार्ग, गोल बाजार एवं मस्जिद चौक पहुंची तथा विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करने के पश्चात पुनः खेल मैदान में पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, स्वच्छ पर्यावरण एवं नशामुक्ति से संबंधित स्लोगन और नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। रैली में शामिल युवाओं ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “स्वस्थ शरीर की यही पहचान, साइकिल बने हमारी शान” तथा “साइकिल अपनाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
रैली के दौरान शहरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा इस जनजागरूकता अभियान की सराहना की। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के जिला आयुक्त भागवत शरण सिंह, सिविल अस्पताल खैरागढ़ के बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन, निर्मल त्रिवेणी महाअभियान के संयोजक सूरज देवांगन, समाजसेवी मंगल सारथी, विनोद रजक एवं उत्तम दसरिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि साइकिल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की दिशा में एक प्रभावी माध्यम है। नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक क्षमता बढ़ती है, हृदय संबंधी रोगों का खतरा कम होता है और व्यक्ति मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न बीमारियों तथा नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के बीच ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का विशेष महत्व है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को साइकिल के महत्व से परिचित कराना तथा इसे दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना है। साइकिल का उपयोग ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विभाग द्वारा समय-समय पर युवाओं एवं नागरिकों को स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति, स्वास्थ्य संवर्धन एवं सामाजिक जागरूकता की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे, अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करेंगे, नियमित रूप से व्यायाम एवं साइकिल चलाने को बढ़ावा देंगे तथा स्वस्थ, स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित यह रैली स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सफल रही तथा नागरिकों को सकारात्मक और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
