G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

सुशासन तिहार-2026 : बढ़ाईटोला समाधान शिविर बना जनविश्वास का केंद्र, 825 आवेदनों पर प्रशासन की त्वरित पहल

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़

ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं संवेदनशीलता के साथ, 89 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ

खैरागढ़ : सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम बढ़ाईटोला में आयोजित समाधान शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच भरोसे के मजबूत सेतु के रूप में नजर आया। सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं, मांगें और आवेदन लेकर शिविर स्थल पहुंचे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने न केवल समस्याएं सुनीं बल्कि कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया भी प्रारंभ की।

शिविर में कुल 825 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 804 मांगों एवं 21 शिकायतों से संबंधित थे। प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत 55 हितग्राहियों को सामग्री, स्वीकृति पत्र एवं आवश्यक सहायता प्रदान कर उन्हें लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति और हितग्राहियों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने भी शिविर को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि अब छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने शिविर का निरीक्षण करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि हर नागरिक तक योजनाओं का लाभ सरलता से पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

विभागीय स्टॉलों में मिली योजनाओं की जानकारी

शिविर परिसर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, खाद्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, श्रम सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी।

प्राप्त आवेदनों में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, भूमि पट्टा, शौचालय निर्माण, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रमुख रहे।

55 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के 4 हितग्राहियों को सांकेतिक चाबी तथा 4 श्रमिकों को जॉब कार्ड वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 4 महिलाओं को सुपोषण किट एवं 6 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट प्रदान की।

शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करने वाले 7 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कृषि विभाग ने 4 किसानों को हरित खाद, मत्स्य विभाग ने 8 हितग्राहियों को मछली पकड़ने के जाल वितरित किए। उद्यानिकी विभाग ने 13 किसानों को सब्जी मिनी किट प्रदान की, वहीं समाज कल्याण विभाग ने 2 दिव्यांग हितग्राहियों को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सक्रिय सहभागिता

शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष  विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सभापति एवं जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष  राजेश्री त्रिपाठी, अध्यक्ष प्रतिनिधि  शैलेन्द्र त्रिपाठी, पूर्व जिला पंचायत सभापति  घम्मन साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम खैरागढ़ श्री टंकेश्वर प्रसाद साहू, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

छुईखदान नगर पंचायत में भी लगा समाधान शिविर

सुशासन तिहार के तहत नगर पंचायत छुईखदान के वार्ड क्रमांक 15 टिकरीपारा में भी समाधान शिविर आयोजित किया गया। यहां नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें दर्ज कराईं, वहीं विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया पूरी की।

नगर एवं पंचायत क्षेत्रों में आयोजित इन शिविरों में स्वास्थ्य, खाद्य, राजस्व, सामाजिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं पंचायत विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। कई आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समय-सीमा में समाधान हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page