G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

मण्डीप खोल गुफा खुलने से पहले तैयारियों पर चर्चा

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

27 अप्रैल को संभावित भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा व मूलभूत व्यवस्थाओं पर जोर

खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में आगामी 27 अप्रैल को मण्डीप खोल गुफा के खुलने के मद्देनजर तैयारियों पर विशेष चर्चा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गुफा स्थल पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को अतिरिक्त बल तैनात कर भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रखने कहा गया। साथ ही पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अपूर्ण आवासों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने एवं नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा समग्र शिक्षा अंतर्गत निर्माण कार्यों, पीएम सूर्यघर योजना में सोलर इंस्टॉलेशन बढ़ाने तथा धान उठाव की स्थिति पर भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आभा, आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड निर्माण की प्रगति को लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण करने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने 26 अप्रैल को आयोजित होने वाली व्यापम परीक्षा के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए अभ्यर्थियों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने पर बल दिया। साथ ही ज्ञानभारत पांडुलिपि सर्वेक्षण कार्य को गंभीरता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री जन शिकायत, कलेक्टर जनदर्शन एवं पीजी पोर्टल में प्राप्त आवेदनों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज सहित सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page