भाजपा महिला मोर्चा की 20 को राजधानी में जन आक्रोश यात्रा

मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की रहेगी भागीदारी
नारी शक्ति वन्दन विधेयक को लेकर कांग्रेस तथा विपक्ष के महिला विरोधी चरित्र को बेनकाब करेगी मातृशक्ति
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा है कि नारी शक्ति वन्दन अधिनियम का विरोध करने पर कांग्रेस व विपक्षी दलों के खिलाफ एक उग्र जन आक्रोश यात्रा कल 20 अप्रैल को राजधानी में निकाली जाएगी। यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महिला सांसद त्रय रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े व लक्ष्मी वर्मा सहित सभी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। यात्रा अपराह्न 3 बजे बलबीर जुनेजा इनडोर स्टेडियम से निकलेगी और सुभाष स्टेडियम जाएगी, जहाँ सभा रखी गई है।
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती अवस्थी ने बताया कि जन आक्रोश यात्रा को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में एक बैठक रविवार को ली और यात्रा की तैयारियों की समीक्षा कर कार्यक्रम की सफलता के लिए मार्गदर्शन किया। बैठक में प्रदेश महामंत्री त्रय यशवन्त जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय व अखिलेश सोनी, विधायक सुनील सोनी, रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर समेत सभी भाजपा पार्षद व पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री त्रय यशवन्त जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय व अखिलेश सोनी, विधायक सुनील सोनी, रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर समेत सभी भाजपा पार्षदों व पदाधिकारियों ने सभा स्थल पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया।




