कवर्धा में 166 करोड़ के सड़क व पुल निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि

कवर्धा। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिले में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से 17 अप्रैल 2026 को भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (चौथा चरण) एवं पीएम जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों एवं वृहद पुल निर्माण कार्यों के लिए रखा गया है।
जिला कबीरधाम के अंतर्गत कुल 55 सड़कों एवं 12 वृहद पुलों के निर्माण के लिए 166 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों के भूमिपूजन हेतु जिले के नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उपस्थित रहेंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे, जो गृह, जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का दायित्व भी संभाल रहे हैं।
इसके अलावा कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद, विधायक एवं विभिन्न जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
यह कार्यक्रम 17 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 11:00 बजे आचार्य पंथ श्री हरिनाम साहेब बहुद्देशीय हॉल, कवर्धा में आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुविधाओं में सुधार होगा और स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।



