हैंडपंप पर कब्जे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, एस डी एम से की कार्रवाई की मांग

बोड़ला । बोड़ला क्षेत्र के ग्राम पंचायत भोंदा में सार्वजनिक हैंडपंप पर अवैध रूप से बोर पंप लगाए जाने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में ग्राम के समस्त मोहल्लावासियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि दलदली मार्ग स्थित सार्वजनिक हैंडपंप, जो आम नागरिकों के उपयोग हेतु स्थापित किया गया था, उसमें मंसाराम पटेल द्वारा निजी बोर पंप लगाकर पानी का उपयोग अपने व्यक्तिगत कार्यों के लिए किया जा रहा है। इससे हैंडपंप का जलस्तर नीचे चला गया है और आसपास के लोगों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब कोई अन्य व्यक्ति हैंडपंप से पानी लेने पहुंचता है, तो संबंधित लोगों द्वारा उसे पानी नहीं लेने दिया जाता और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस कारण पूरे मोहल्ले के लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक हैंडपंप से लगाए गए बोर पंप को तत्काल हटाया जाए, ताकि सभी को समान रूप से पानी की सुविधा मिल सके। ज्ञापन में दिनांक 13 अप्रैल 2026 को ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी संलग्न किए गए हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्द कार्रवाई करता है और ग्रामीणों को राहत मिल पाती है या नहीं।


