G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

सांसद संतोष पाण्डेय ने किया जिला पंचायत भवन का भूमिपूजन

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

जिला कार्यालय परिसर, पिपरिया में बनेगा आधुनिक जिला पंचायत भवन

खैरागढ़ : जिले में प्रशासनिक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में आज एक अहम कदम उठाया गया।जिला कार्यालय परिसर, पिपरिया में प्रस्तावित नवीन जिला पंचायत भवन के निर्माण हेतु सांसद संतोष पाण्डेय ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न समितियों के सभापति भुनेश्वरी जीवन देवांगन, ललित चोपड़ा, अरुणा राजू सिंह, हेमलता मंडावी, जमुना नरेश कुर्रे, दिनेश वर्मा, निर्मला विजय वर्मा एवं नगरपालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष डॉ. राजेश्री त्रिपाठी, जनपद पंचायत छुईखदान की अध्यक्ष पुष्पा प्रकाश वर्मा, जनपद पंचायत खैरागढ़ के उपाध्यक्ष लखन साहू, जनपद पंचायत छुईखदान के उपाध्यक्ष राजू जंघेल, सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. बिशेसर साहू, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष भागवत शरण सिंह, जीवन देवांगन, नरेश कुर्रे, निजाम मंडावी, विजय वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अपने उद्बोधन में सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि यह भवन न केवल प्रशासनिक कार्यों को गति देगा, बल्कि आम नागरिकों के लिए सुविधाओं को और अधिक सुगम बनाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के एक ही परिसर में संचालित होने से लोगों को बार-बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शासन की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत कर विकास को गति देना है।उन्होंने आगे कहा कि जिला पंचायत भवन के निर्माण से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने जिला पंचायत भवन की भूमिपूजन को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए नवीन भवन के निर्माण हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित की।इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल द्वारा भवन की प्रस्तावित संरचना की जानकारी साझा की गई। बताया गया कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जहां विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा। इससे ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन में तेजी आएगी और आमजनों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने इस पहल को जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page