जिले में औद्योगिक क्षेत्र स्थापना की तैयारी, निवेश बढ़ाने पर जोर

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
जिले में उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा देने पर प्रशासन का फोकस
110 हेक्टेयर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्रवाई
जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की द्वितीय बैठक संपन्न
खैरागढ़ : जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की द्वितीय बैठक कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल, सीएसपीडीसीएल, श्रम, खनिज, मछली पालन, नगर पालिका खैरागढ़ के अधिकारी तथा उद्यमी अनंत चोपड़ा (डायरेक्टर, रसना बायोटेक) उपस्थित रहे।
समिति के सदस्य सचिव एवं महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र प्रणय बघेल ने समिति के गठन के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि समिति के माध्यम से 5 करोड़ रुपये तक की लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा और निराकरण किया जाएगा, जबकि इससे अधिक लागत वाली परियोजनाओं को संभाग एवं राज्य स्तरीय समिति को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 110 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत अस्पताल, मिनी मॉल और सीबीएसई स्कूल की स्थापना पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी भी दी गई।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने एग्री टूरिज्म और होम स्टे को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए छिंदारी, पैलीमेटा, ठाड़पानी तथा बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। खनिज विभाग ने जिले में नई खदानों के सर्वे कार्य जारी होने की जानकारी दी। कलेक्टर ने मछली पालन विभाग को झींगा मछली उत्पादन के प्रयास करने के निर्देश दिए। उद्यमी अनंत चोपड़ा ने बताया कि उनके द्वारा स्थापित बायोमास पैलेट प्लांट का उत्पादन एनटीपीसी पावर प्लांट को भेजा जा रहा है।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने महाप्रबंधक को नई औद्योगिक नीति के लाभों की जानकारी जिले एवं आसपास के उद्योगपतियों, अस्पतालों और स्कूलों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि जिले में निवेश को प्रोत्साहन मिल सके। साथ ही उद्योग संचालनालय के माध्यम से विशेषज्ञों द्वारा जिले का औद्योगिक प्रोफाइल तैयार कराने के भी निर्देश दिए।


