पशु सखियों को हितग्राही मूलक योजनाओं एवं पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड विषय पर दिया गया प्रशिक्षण

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : 12 मार्च कलेक्टर के निर्देशानुसार आज दिनांक 12 मार्च को प्रातः 11 बजे से जनपद पंचायत कार्यालय खैरागढ़ में पशु सखियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहित करना तथा पशुपालकों को शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ दिलाने में पशु सखियों की भूमिका को मजबूत बनाना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पशु चिकित्सा विभाग के मास्टर ट्रेनर द्वारा पशुपालन से संबंधित विभिन्न योजनाओं, पशुधन प्रबंधन, पशुओं के स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण, पोषण तथा रोग नियंत्रण के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि इस योजना के माध्यम से पशुपालक बैंक से आसान शर्तों पर ऋण प्राप्त कर पशुपालन गतिविधियों को बढ़ावा दे सकते हैं।
इसके अतिरिक्त प्रदान तकनीकी संस्था से जिला समन्वयक राकेश द्वारा भी प्रशिक्षण सत्र में भाग लेकर पशु सखियों को योजनाओं के क्रियान्वयन, हितग्राहियों की पहचान, दस्तावेजी प्रक्रिया तथा ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने पशु सखियों को गांव-गांव जाकर पशुपालकों को योजनाओं की जानकारी देने और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान पशु सखियों को बताया गया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों और विभाग के बीच सेतु का कार्य करें तथा पशुपालन से जुड़े लाभकारी उपायों की जानकारी देकर पशुपालकों की आय बढ़ाने में सहयोग करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पशु सखियां उपस्थित रहीं और प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।

