लखपति दीदी सम्मेलन में बिहान के उत्कृष्ट कैडर एवं स्वर्ण-उपज एफपीओ सम्मानित

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” अंतर्गत राज्य स्तरीय लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम का आयोजन रायपुर के इनडोर स्टेडियम में यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री की भी विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों से 7 हजार से अधिक लखपति दीदियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बिहान मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कम्युनिटी कैडर एवं संगठनों को सम्मानित किया गया। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से प्रतिमा वर्मा, सक्रिय महिला (विकासखंड खैरागढ़) को सम्मानित किया गया। उन्होंने विशेष पिछड़े ग्रामों में 12 स्व-सहायता समूहों का गठन कराते हुए समूहों को पुस्तक संचालन का प्रशिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इसी प्रकार लखपति सीआरपी सेवती साहू (विकासखंड छुईखदान) को 109 लखपति दीदियों का निर्माण करने तथा अन्य लखपति सीआरपी को प्रशिक्षण देने के उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
साथ ही स्वर्णउपज महिला किसान उत्पादक कंपनी (एफपीओ) को भी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। संस्था द्वारा 15,825 महिला किसानों को शेयरधारक के रूप में जोड़ने, 70 कृषि उत्पाद खरीदी केंद्र स्थापित करने तथा चना दाल प्रसंस्करण प्लांट के सफल संचालन के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा लखपति दीदियों के उत्कृष्ट कार्यों के संकलन पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। जिले की लखपति दीदियों और संगठनों को मिले इस सम्मान से जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई गौरवान्वित महसूस कर रहा है।



