होली पर्व के मद्देनज़र खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान, 05 नमूने अवमानक पाए गए

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देशानुसार होली त्यौहार के अवसर पर आमजन को स्वस्थ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु जिला खैरागढ़–छुईखदान–गंडई में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
उपसंचालक आशीष शर्मा एवं अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, जिला खैरागढ़–छुईखदान–गंडई की उपस्थिति में संयुक्त दल द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे द्वारा खैरागढ़ स्थित मानव मंदिर स्वीट, जलाराम स्वीट, जनता स्वीट, बीकानेर राजेश्वरी स्वीट, श्री बीकानेर स्वीट तथा गंडई के राजपुरोहित बीकानेर स्वीट से कचौड़ी, मोतीचूर लड्डू, बेसन लड्डू, खोवा, पेड़ा, फाफड़ा, लूज गुजिया, रसमलाई, केला चिप्स, मिक्सचर, अंजीर कतली सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 02 विधिक एवं 18 सर्विलांस नमूने लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी, रायपुर को प्रेषित किए गए।
इसी क्रम में चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से विभिन्न प्रतिष्ठानों से 65 सर्विलांस नमूने मौके पर जांच हेतु लिए गए। जांच उपरांत 60 नमूने मानक अनुरूप पाए गए, जबकि 05 नमूने अवमानक प्राप्त हुए। अवमानक पाए गए खाद्य रंग युक्त नमूने को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
सभी व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं नियम 2011 के अंतर्गत स्वच्छता, साफ-सफाई एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री विक्रय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों की खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन की जांच की गई, जो वैध पाई गई।
कार्यवाही के दौरान सहायक खाद्य अधिकारी संजय ठाकुर सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा। स्वस्थ एवं सुरक्षित खाद्य सुनिश्चित करने हेतु विभाग की यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।



