G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

धान से तुलादान कर किसानों ने जताया आभार, मुख्यमंत्री ने दोहराया अन्नदाताओं के हितों का अटूट संकल्प

रायपुर, 27 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि किसानों की समृद्धि और खुशहाली से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने घोषणा की कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि 28 फरवरी को दोपहर 12 बजे तक सीधे किसानों के खातों में अंतरित कर दी जाएगी। इस संबंध में बिलासपुर जिले में राज्य स्तरीय राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसे पूरे प्रदेश में उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा आयोजित तुलादान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रदेश के अन्नदाताओं ने मुख्यमंत्री को धान से तौलकर सम्मानित किया और किसानों के हित में लिए गए निर्णयों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और सरकार-किसान के बीच विश्वास का प्रतीक बना। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी कर रही है, जो देश में सर्वाधिक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के 25.24 लाख किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की ऐतिहासिक खरीदी की गई है तथा 33 हजार 431 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों से किया गया हर वादा पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाएगा।

उर्वरक उपलब्धता के विषय में मुख्यमंत्री ने बताया कि राजनांदगांव जिले में यूरिया उत्पादन के लिए गेल कंपनी के साथ अनुबंध संपन्न हो चुका है तथा भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। इससे भविष्य में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होगी और किसानों को उर्वरक संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में किसान क्रेडिट कार्ड जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की गई, जिससे किसानों को सुलभ ऋण की सुविधा मिली। आज किसानों को ब्याजमुक्त पूंजी और प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाने का लाभ मिल रहा है, जिससे सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोकसिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय ने किसानों से किया हर वादा पूरा कर यह सिद्ध किया है कि राज्य सरकार किसान हितों के प्रति पूर्णतः समर्पित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और दृढ़ इच्छाशक्ति ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है।
कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए किसान, जनप्रतिनिधि एवं अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में “जय जोहार, जय किसान” के उद्घोष के साथ किसानों के सम्मान और समृद्धि के लिए सरकार के निरंतर प्रयासों का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी, ओमप्रकाश देवांगन, प्रदेश उपाध्यक्ष यशवंत वर्मा, मनीषा चंद्राकर, बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, प्रदेश मंत्री राजेश साहू, रवीन्द्र सिंह, वैभव वैष्णव, सहित बड़ी संख्या में मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page