वीरांगना अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय, छुईखदान में स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा वीरांगना अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय, छुईखदान में एक दिवसीय “स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। वाणिज्य संकाय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक प्रणय बघेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उद्यमिता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को अवगत कराया गया कि राज्य में पंजीकृत स्टार्टअप इकाइयों में सर्वाधिक इकाइयां खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से संबंधित हैं।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसके अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को 35 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाता है। विद्यार्थियों को योजना के अंतर्गत पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभ की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में अंतिम वर्ष के 69 छात्र-छात्राओं सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने संभावित स्टार्टअप विचार साझा करते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे। महाप्रबंधक द्वारा उनके प्रश्नों का समाधान करते हुए बताया गया कि परियोजना लागत एवं गतिविधि के आधार पर उपयुक्त योजना का चयन कर कार्यालय द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।



