भाजपा सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ किया खिलवाड़, जनता को दिखाया ठेंगा” – भुनेश्वर पटेल

कवर्धा। युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष भुनेश्वर पटेल ने आज विधानसभा में पेश किए गए बजट 2026-27 पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस बजट को पूरी तरह “निराशाजनक” बताते हुए कहा कि यह प्रदेश के युवाओं और आम जनता की उम्मीदों के विपरीत है।
रोजगार और शिक्षा की अनदेखी
पटेल ने बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा, “बजट में युवाओं के रोजगार के लिए कोई ठोस कार्ययोजना नजर नहीं आती। उच्च शिक्षा, कौशल विकास और नए स्टार्टअप्स के लिए पर्याप्त प्रावधान न करना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है, जबकि धरातल पर बेरोजगारी और महंगाई अपने चरम पर है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की उपेक्षा
किसानों और गरीबों की स्थिति पर चिंता जताते हुए पटेल ने रेखांकित किया कि यह बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने कहा, “सरकार ने किसानों के लिए केवल कागजी घोषणाएं की हैं, लेकिन उनके क्रियान्वयन का कोई रोडमैप नहीं है। बजट में गरीबों और किसानों की जरूरतों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है।”
भुनेश्वर पटेल ने अंत में चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सरकार के इस दिशाहीन बजट और छलावे को समझ चुकी है और इसका जवाब आने वाले चुनाव में जरूर देगी।



