नशा के विरुद्ध किया शंखनाद, नशा मुक्त हो समाज हमारा

गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही
जिला गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही में प्रस्तावित दो स्थान कोटमी कला एवं मरवाही में नई शराब दुकानों के आवंटन के विरोध में भगवती मानव कल्याण संस्थान ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। संस्थान के जिला अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संयुक्त कलेक्टर श्री डाहिरे एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती सीमा गुप्ता को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान आवंटन पर रोक लगाने की मांग की।

जिला अध्यक्ष श्रीवास्तव ने कहा कि समाज में बढ़ती नशाखोरी और उसके दुष्प्रभावों को देखते हुए सरकार द्वारा नए सिरे से शराब दुकानों का आवंटन चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि कोटमी कला जैसे स्थान पर शासकीय कन्या शाला संचालित हो रही है, जहां शराब दुकान खुलने से छात्राओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। वर्तमान में क्षेत्र का माहौल शांतिपूर्ण है, किंतु शराब दुकान खुलने से नशे की प्रवृत्ति बढ़ेगी, जिससे घरेलू हिंसा और सामाजिक अव्यवस्था की आशंका है।
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि कोटमी कला और मरवाही दोनों ही आदिवासी अंचल हैं, जहां भोले-भाले लोगों के नशे की चपेट में आने का खतरा अधिक है। इससे समाज पतन की ओर अग्रसर हो सकता है। भगवती मानव कल्याण संस्थान द्वारा नशा मुक्ति के लिए लगातार जनजागृति अभियान चलाया जा रहा है।



