ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

जिला प्रशासन एवं पुलिस, कबीरधाम की संयुक्त बैठक होली व महाशिवरात्रि की तैयारियों पर विस्तृत समीक्षा,कामठी मंदिर के लिए विशेष सुरक्षा योजना

कवर्धा, 13 फरवरी 2026। आगामी होली एवं महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था, संभावित धरना-प्रदर्शन, यातायात प्रबंधन तथा परीक्षाओं के दौरान ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल, एडीएम विनय पोयाम, एसडीएम पंडरिया संदीप ठाकुर, एसडीएम कवर्धा चेतन साहू, एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक, डीएसपी अंजू कुमारी, डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर, डीएसपी आशीष शुक्ला, थाना प्रभारी योगेश कश्यप, तहसीलदार कवर्धा परमेश्वर मांडवी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विशेष रूप से ग्राम कामठी स्थित कामठी मंदिर में महाशिवरात्रि के दौरान पूर्व वर्षों में उत्पन्न विवादों की पृष्ठभूमि एवं वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि शिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़, धार्मिक अनुष्ठानों के समय-क्रम एवं दो पक्षों के बीच मतभेद के कारण तनाव की आशंका बनी रहती है।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पूर्व समन्वय बैठकें आयोजित की जाएं। मंदिर समिति, ग्राम पंचायत, दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर स्पष्ट व्यवस्था तय की जाए, ताकि पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कामठी मंदिर परिसर को संवेदनशील मानते हुए विशेष सुरक्षा योजना लागू करने के निर्देश दिए। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत पैदल गश्त, सीसीटीवी निगरानी, आवश्यकता अनुसार ड्रोन निगरानी, बैरिकेडिंग एवं सुव्यवस्थित प्रवेश-निकास व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए अलग-अलग कतार व्यवस्था तथा महिला एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट या कानून हाथ में लेने की स्थिति में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शांति भंग करने वालों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
यातायात व्यवस्था के लिए मंदिर मार्ग पर विशेष डायवर्जन प्लान, पार्किंग स्थल चिन्हांकन एवं अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महाशिवरात्रि एवं होली के दौरान जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ाई जाएगी। परीक्षा अवधि को ध्यान में रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे संचालन पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
कलेक्टर गोपाल वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने संयुक्त रूप से नागरिकों से अपील की है कि वे संयम एवं सहयोग बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page