श्यामपुर धान खरीदी केंद्र में दूसरे-तीसरे टोकन का भौतिक सत्यापन, 60 क्विंटल धान कम पाए जाने पर केंद्र प्रभारी को


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
वास्तविक मात्रा पर ही खरीदी के निर्देश
खैरागढ़ :
जिले के धान खरीदी केंद्र श्यामपुर में आज दूसरे एवं तीसरे टोकन के अंतर्गत धान विक्रय नहीं करने वाले कृषकों की जानकारी लेकर भौतिक सत्यापन किया गया। यह सत्यापन डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे, खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक, सहायक खाद्य अधिकारी संजय ठाकुर, नोडल अधिकारी सी. के. उइके तथा धान खरीदी केंद्र श्यामपुर के प्रभारी दुलेश्वर दास मानिकपुरी की संयुक्त टीम द्वारा किया गया।
टीम द्वारा ग्राम खुरमुड़ी निवासी कृषक त्रिलोक चंदेल पिता बेदुराम चंदेल के निवास पर जाकर निरीक्षण किया गया। कृषक का किसान पंजीयन कोड TF6717102315605 एवं टोकन क्रमांक TK42006601252601511 है, जो दिनांक 16-01-2026 के लिए जारी किया गया है। भौतिक सत्यापन के दौरान कृषक के घर आँगन में कुल 116.80 क्विंटल धान (292 बोरियां) उपलब्ध पाया गया, जबकि कृषक द्वारा 176 क्विंटल का टोकन जारी कराया गया था। इस प्रकार टोकन जारी मात्रा की तुलना में लगभग 60 क्विंटल धान कम पाया गया।
निरीक्षण के पश्चात धान खरीदी केंद्र प्रभारी को सख्त निर्देश दिए गए कि दिनांक 16-01-2026 को जारी टोकन के अंतर्गत केवल 116.80 क्विंटल धान का ही क्रय किया जाए। साथ ही कृषक को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि वे केवल अपने कृषि भूमि से उत्पादित धान को ही समर्थन मूल्य पर विक्रय करें। किसी भी प्रकार का व्यावसायिक धान समर्थन मूल्य पर विक्रय करते पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त धान उपार्जन केंद्रों के नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि धान विक्रय हेतु जारी दूसरे एवं तीसरे टोकन का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के पश्चात ही वास्तविक मात्रा का धान समर्थन मूल्य पर क्रय किया जाए, ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
