खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का स्थापना दिवस गरिमापूर्ण से मनाया गया


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
जिले के विकास और भविष्य की योजनाओं पर रहा विशेष फोकस
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गठन के तीन वर्ष पूर्ण होने पर 3 सितम्बर को जिला स्थापना दिवस गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
माल्यार्पण से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इस दौरान खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा, खैरागढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी, नगर पंचायत गंडई अध्यक्ष लाल टारकेश्वर साह खुसरो, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत खैरागढ़ लखन लाल साहू, उपाध्यक्ष नगर पंचायत गंडई श्यामपाल ताम्रकार, कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल, वनमंडलाधिकारी पंकज सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विधायक वर्मा ने गिनाईं तीन वर्षों की उपलब्धियां
विधायक श्रीमती वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि जिले की स्थापना लंबे संघर्ष और जनआकांक्षाओं का परिणाम है। तीन वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सभी लोग मिलकर जिला के विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि—“खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की पहचान इसकी सांस्कृतिक धरोहर और प्राकृतिक संपदा है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रस्ताव माननीय मुख्यमंत्री को भेजा गया है।”
कलेक्टर ने किया विकास कार्यों का उल्लेख
कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कहा कि जिले के गठन के बाद प्रशासनिक ढांचे को मजबूत किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और जनसुविधाओं के क्षेत्र में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
वन व संसाधनों को बताया सबसे बड़ी पूंजी

वनमंडलाधिकारी श्री राजपूत ने जिले की सबसे बड़ी पूंजी वनों और प्राकृतिक संसाधनों को बताते हुए कहा कि जनसहभागिता से पर्यावरण संरक्षण और वन संवर्धन को नई दिशा दी जा सकती है।
औद्योगिक संभावनाओं पर जोर
जिला पंचायत सीईओ श्री पटेल ने जिले में औद्योगिक और आर्थिक विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां राइस मिल और उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि लखनादौन–बालाघाट–लांजी–खैरागढ़–रायपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का डीपीआर वर्ष 2025 में प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिलेगी।
अधिकारियों-कर्मचारियों की रही सक्रिय उपस्थिति
समारोह में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सुमन राज, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रेणुका रात्रे, रेडक्रॉस राज्य समिति प्रतिनिधि बिशेसर साहू, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी, मीडियाकर्मी और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।