G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
BemetaraChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

“विकास के दावों की पोल: सड़क के लिए अफसर की पूजा करने को मजबूर ग्रामीण” – तुकाराम चंद्रवंशी

“तेंदो–करही सड़क पर बवाल: चक्काजाम, पूजा और प्रशासन के खिलाफ गूंजा गुस्सा”

कवर्धा/बेमेतरा। तेंदो से करही सड़क निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे रायपुर–जबलपुर नेशनल हाईवे पर बैठकर चक्काजाम करने को मजबूर हो गए। इस दौरान ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना PMGSY के कार्यपालन अभियंता ईई की पूजा-अर्चना कर उन्हें माला पहनाई और श्रीफल भेंट किया। यह प्रतीकात्मक विरोध प्रशासनिक उदासीनता पर करारा व्यंग्य माना जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान डोल-मांदर की थाप पर ग्रामीण जसगीत गाते नजर आए, जिससे आंदोलन ने सांस्कृतिक स्वरूप भी ले लिया। यह दृश्य ग्रामीणों की पीड़ा और व्यवस्था के प्रति उनके गहरे आक्रोश को दर्शाता है।
इस दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष तुकाराम चंद्रवंशी ने आंदोलनरत ग्रामीणों का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर ग्रामीण देवी-देवताओं से प्रार्थना करते तो शायद अब तक सड़क बन जाती, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के कारण आज उन्हें उनकी “पूजा” करने को मजबूर होना पड़ा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं से दूर है और केवल आत्मकल्याण में लगी हुई है। प्रदेश के कई गांव आज भी सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, जिसका उदाहरण तेंदो–करही सड़क है।
चक्काजाम के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों द्वारा जल्द सड़क मरम्मत कार्य शुरू करने के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि वे मंत्री विजय शर्मा, विधायक भावना बोहरा, कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार एवं पीएमजीएसवाई अधिकारियों तक कई बार अपनी मांग पहुंचा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यह सड़क दो जिलों—बेमेतरा ग्राम तेंदो और कबीरधाम करही—की सीमा से जुड़ी होने के कारण भी वर्षों से लंबित है।
खराब सड़क के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है, खासकर बारिश के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
अंत में तुकाराम चंद्रवंशी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो युवा कांग्रेस ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।
मुख्य मांगें:
तेंदो से करही तक सड़क का तत्काल निर्माण
लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई
समयबद्ध कार्य योजना की घोषणा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page