ChhattisgarhKCGखास-खबर

भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़ : भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के संबंध में दिनांक 25.02.2026 से 26.02.2026 तक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन कलेक्ट्रेट सभा कक्ष, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में किया जा रहा है।

कार्यशाला में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है, जिसे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के मूल कार्य हेतु छत्तीसगढ़ राज्य में 1 मई से 30 मई तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है। यह कार्य सभी चार्ज अधिकारियों की प्रतिबद्धता एवं समन्वय से ही सफलतापूर्वक पूर्ण हो सकेगा। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनगणना निदेशालय, नवा रायपुर से राज्य स्तरीय जनगणना प्रशिक्षक कवीन्द्र कुमार रंगारी एवं आशीष मिश्रा द्वारा दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रियाओं, प्रपत्रों एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर द्वारा प्रशिक्षणार्थियों के साथ अपने पूर्व जनगणना अनुभव साझा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला सांख्यिकी अधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्रथम चरण में जिले के सभी आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों का सूचीकरण किया जाएगा। साथ ही परिवार द्वारा धारित परिसंपत्तियों जैसे रेडियो, टेलीविजन, कंप्यूटर, मोबाइल फोन आदि का विवरण HLO App के माध्यम से संकलित किया जाएगा। इसकी निगरानी चार्ज अधिकारियों द्वारा CMMS Portal के माध्यम से की जाएगी।

इस बार स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। नागरिक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना पोर्टल 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगा, जिसके माध्यम से नागरिक निर्धारित अवधि में अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों ने बताया कि व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से नागरिकों को यह जानकारी दी जाए कि जनगणना में प्राप्त सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। अतः सभी नागरिक सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page