ChhattisgarhKCGखास-खबर

आगामी ग्रीष्मकाल में पेयजल की समस्या नहीं होना चाहिए– कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

जनगणना कार्य की तैयारी शुरू, अधिकारियों कर्मचारियों को प्रशिक्षण के दिए निर्देश

कलेक्टर ने विभागों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

खैरागढ़ : कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आगामी जनगणना कार्य की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में शासन की प्राथमिकता वाले विषयों पर गंभीरता से चर्चा की गई।

जनगणना कार्य को लेकर विशेष निर्देश

कलेक्टर ने कहा कि जनगणना शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यापक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से प्रत्येक परिवार और व्यक्ति की सही एवं अद्यतन जानकारी संकलित की जाएगी। यह जानकारी भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में आधार का कार्य करती है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा मैदानी अमले को समय पूर्व प्रशिक्षण प्रदान करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना हेतु प्रगणकों के रूप में यथासंभव केवल प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के शिक्षकों को ही नियोजित किया जाए। उच्च माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शालाओं के शिक्षकों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शासन की अनुमति के बिना नियोजित न किया जाए। साथ ही प्रथम चरण में नियोजित प्रगणकों को ही द्वितीय चरण में भी प्राथमिकता से नियोजित किया जाए, जिससे कार्य में निरंतरता एवं गुणवत्ता बनी रहे।

मुख्य सचिव की समीक्षा के बिंदुओं पर चर्चा

बैठक में मुख्य सचिव द्वारा पूर्व में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने आधार आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस एवं ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी सोमवार से बुधवार को कार्यालय में उपस्थित रहना सुनिश्चित रहे। निर्धारित गुरुवार और शुक्रवार को क्षेत्र निरक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि 05 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार आधारित एमबीयू (मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट) समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही हितग्राही मूलक शासकीय योजनाओं में आधार की अनिवार्यता को ध्यान में रखते हुए सभी हितग्राहियों का ई-केवाईसी सुनिश्चित किया जाए।

ग्रीष्मकालीन तैयारियां एवं आवश्यक व्यवस्थाएं

ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हीट वेव की संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी रखने, जनजागरूकता अभियान चलाने एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में चावल उत्सव की प्रगति, धान उठाव की स्थिति, खाद-बीज के भंडारण की समीक्षा करते हुए कृषि विभाग को किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

लंबित भुगतान एवं अधोसंरचना संबंधी निर्देश

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिलों में उपलब्ध आवंटन के विरुद्ध लंबित भुगतान संबंधी सभी प्रकरणों का निराकरण मार्च 2026 से पूर्व अनिवार्य रूप से कर लिया जाए।

जिले की समस्त शालाओं में बालिका शौचालय (फंक्शनल) की उपलब्धता 8 मार्च 2026 तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुविधा एवं स्वच्छता की दृष्टि से यह अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पीएम श्री स्कूल, गणवेश एवं पुस्तक वितरण

बैठक में संचालित पीएम श्री स्कूल के अंतर्गत नामांकित प्रभारी अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार स्कूलों का निरीक्षण पूर्ण करने तथा चेकलिस्ट के अनुरूप सभी कार्य समय-सीमा में संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग को गणवेश एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया।

बोर्ड परीक्षाओं में नकल पर सख्ती

कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षाओं में नकल पर सख्ती से रोक लगाने तथा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कहा गया।

पीएम जनमन योजना के कार्यों में तेजी

बैठक में पीएम जनमन योजना
 के अंतर्गत स्वीकृत गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि हितग्राही मूलक सभी कार्य 31 मार्च 2026 तक पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लेते हुए जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करे। इस अवसर पर जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, और कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, एसडीएम सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page