Chhattisgarh

खत्म होने वाली है भीषण गर्मी! मानसून की एंट्री से पहले सीएम का बड़ा निर्देश, जान लें आपके काम की है खबर

खत्म होने वाली है भीषण गर्मी! मानसून की एंट्री से पहले सीएम का बड़ा निर्देश, जान लें आपके काम की है खबर

रायपुर: भीषण गर्मी का दौर अब खत्म होने वाला है और मानसून की एंट्री होने वाली हैं। मानसून इस बार तय समय में केरल के तट पर पहुंच गया है। जिसके बाद से माना जा रहा है कि मानसून की चाल सही रही तो छत्तीसगढ़ में भी मानसून 15 जून तक दस्तक दे सकता है। वहीं, मानसून को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बारिश के दौरान होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां करने के लिए कहा है।

अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने मानसून के दौरान संभावित बीमारियों की रोकथाम के लिए अधिकारियों को राजधानी से लेकर ग्राम पंचायत तक लगातार सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि साय ने राज्य के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

साय ने हैंडपंप, नलकूप और जल स्रोतों की मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने वर्षा जन्य बीमारियों और अन्य समस्याओं से निपटने के लिए प्रशासनिक अमले के साथ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय निकाय और स्वास्थ्य विभाग के अमले को सतर्क रहने को कहा है।

बरसात में होती हैं कई तरह की बीमारियां
मुख्यमंत्री ने कहा है कि बरसात के मौसम में उल्टी-दस्त, मलेरिया आदि मौसमी बीमारियों के होने की ज्यादा आशंका रहती है। उन्होंने कहा कि पेयजल स्रोतों की सफाई जैसे छोटे-छोटे उपायों से इन बीमारियों के प्रकोप से बचा जा सकता है। राज्य में संक्रामक बीमारियों की दृष्टि से संवेदनशील गांवों और इलाकों में स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा लगातार निगरानी रखी जानी चाहिए।

सर्पदंश के मामले भी आते हैं

अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने जशपुर अंचल सहित ऐसे क्षेत्र जहां सर्पदंश के मामले ज्यादा आते हैं, उन इलाकों में बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में सर्पदंश की दवा (एंटी स्नेक वेनम) की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page