लखपति दीदी पहल की प्रगति की समीक्षा, कलेक्टर ने दिए समयबद्ध लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़, 24 जून 2025 // कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिला स्तरीय लखपति दीदी पहल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल एवं समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के जिला परियोजना प्रबंधक उमेश तिवारी द्वारा अब तक बने लखपति दीदी की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रत्येक विकासखंड के लिए निर्धारित लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने डिजिटल आजीविका पोर्टल पर लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लखपति दीदी चयन की प्रक्रिया तय समय सीमा में पूर्ण की जाए, जिससे लाभार्थी महिलाओं को समय पर प्रशिक्षण और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
लखपति दीदी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना के अंतर्गत महिलाओं को स्वरोजगार, कृषि आधारित आयवर्धन और अन्य उद्यमिता गतिविधियों के लिए प्रशिक्षित किया जाता है तथा उन्हें आवश्यक वित्तीय एवं तकनीकी सहायता प्रदान की जाती है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के क्रियान्वयन में कोई भी लापरवाही न हो तथा प्रत्येक लक्षित महिला तक योजना का लाभ पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने पर बल दिया।