उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलपूर्वक हुआ समापन

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), खैरागढ़ में आयोजित उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें व्यवसाय स्थापना हेतु आवश्यक कौशल एवं व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उद्यमिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को प्रेरित करते हुए प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने तथा अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक एवं निदेशक आरसेटी सी.एस. ठाकुर ने कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय योजना निर्माण, वित्तीय प्रबंधन, विपणन रणनीतियों तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक उमेश कुमार तिवारी ने कहा कि मिशन के माध्यम से उद्यमिता को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है तथा आरसेटी के सहयोग से अधिकाधिक लोगों को स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन आरसेटी के फैकल्टी ओम जी मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन फैकल्टी अभिषेक तिवारी ने किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं ने सहभागिता की। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समापन के साथ ही प्रशिक्षार्थियों में स्वरोजगार के प्रति उत्साह एवं आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।

