दीदी के गोठ” में गूंजी नमो ड्रोन दीदी सावित्री साहू की सफलता की कहानी


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
आधुनिक तकनीक से खेती में नया अध्याय लिख रहीं ग्रामीण महिलाएं

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, 13 नवम्बर 2025।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत आकाशवाणी से प्रसारित लोकप्रिय कार्यक्रम “दीदी के गोठ” में इस सप्ताह प्रेरणा की नई गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम में ग्राम खपरीतेली (विकासखण्ड खैरागढ़) की नमो ड्रोन दीदी श्रीमती सावित्री साहू की सफलता की कहानी प्रसारित हुई, जिसने हजारों श्रोताओं को प्रेरित किया।

सावित्री दीदी ने बताया कि उन्होंने शासन की “नमो ड्रोन दीदी योजना” के माध्यम से ड्रोन संचालन, नैनो यूरिया छिड़काव और इलेक्ट्रिक व्हीकल तकनीक का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शुरुआत में कार्य कठिन लगा, लेकिन निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास से उन्होंने इसे अपनी पहचान बना ली। आज वे खेतों में ड्रोन के माध्यम से फसलों पर छिड़काव कर रही हैं और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ रही हैं।
अब तक सावित्री दीदी 1300 एकड़ से अधिक फसलों में ड्रोन द्वारा छिड़काव कर चुकी हैं। इस पहल से किसानों को बेहतर उत्पादन के साथ समय और श्रम की बचत हो रही है। तकनीक के उपयोग से खेती अधिक लाभकारी सिद्ध हो रही है।
पिछले डेढ़ वर्ष में 3.90 लाख रुपये की आय अर्जित कर सावित्री दीदी ने यह साबित किया है कि अगर अवसर और प्रशिक्षण मिले, तो ग्रामीण महिलाएं भी नई उड़ान भर सकती हैं।
जिलेभर के स्व-सहायता समूहों की हजारों महिलाओं ने इस प्रसारण को सुना और सराहा। सावित्री दीदी की सफलता अब आत्मनिर्भरता, नवाचार और महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकी है।

