मछुआरों का उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण अंतर्गत अध्ययन भ्रमण

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़
मछली पालन विभाग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा जिले के मत्स्य कृषकों को आधुनिक एवं उन्नत तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से तीन दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 59 मत्स्य कृषकों को नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान मत्स्य कृषकों को कबीरधाम जिले में बायोफ्लॉक तकनीक, पी-लाइनर, वैज्ञानिक तरीके से तालाब निर्माण तथा केज कल्चर जैसी आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों का प्रत्यक्ष अवलोकन एवं व्यवहारिक अध्ययन कराया जाएगा, जिससे कृषक इन तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
मछली पालन विभाग द्वारा प्रतिवर्ष जिले के मत्स्य कृषकों को 03 दिवसीय तकनीकी उन्नयन प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इसके अंतर्गत विभागीय योजनाओं की तकनीकी जानकारी के साथ-साथ अध्ययन भ्रमण भी कराया जाता है, ताकि कृषक व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकें।
वर्ष 2025-26 में इस कार्यक्रम के अंतर्गत खैरागढ़ विकासखंड के 80 तथा छुईखदान विकासखंड के 85 मत्स्य कृषकों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रथम चरण में खैरागढ़ विकासखंड के मत्स्य कृषकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
