विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 : अंतिम प्रकाशन में जिले के 2,87,110 मतदाता दर्ज

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
अंतिम प्रकाशन के बाद भी नाम जोड़ने, विलोपन व संशोधन की प्रक्रिया रहेगी सतत जारी
निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित
खैरागढ़ : भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026, अर्हता तिथि 01.01.2026 के संदर्भ में आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चंद्रवाल ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 73-खैरागढ़ तथा 74-डोंगरगढ़ (आंशिक) के अंतर्गत मतदान केंद्रों एवं मतदाताओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नो-मौपिंग के 1831 प्रकरण चिन्हित किए गए थे, जिनकी सुनवाई कर नियमानुसार निराकरण किया गया। सभी प्रकरणों की दस्तावेजीय जांच जिला स्तर पर पुष्टि उपरांत पूर्ण की गई। इसी प्रकार लॉजिकल एरर से संबंधित 73,428 प्रकरणों का भी आयोग की समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया गया।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01.01.2025 के आधार पर 6 जनवरी 2025 को प्रकाशित अंतिम सूची में जिले में कुल 2,99,810 मतदाता दर्ज थे। SIR प्रक्रिया के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं अनुपस्थित 19,441 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। इसके बाद 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारंभिक सूची में कुल 2,80,369 मतदाता रहे। वर्तमान अंतिम प्रकाशन के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 73-खैरागढ़ में 2,16,900 एवं 74-डोंगरगढ़ (आंशिक) में 70,210 मतदाता दर्ज हैं। इस प्रकार जिले में कुल 2,87,110 मतदाता पंजीकृत हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के पश्चात भी यदि कोई पात्र मतदाता किसी कारणवश सूची में सम्मिलित होने से वंचित रह गया है, तो वह निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से अपना नाम जुड़वाने हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार यदि किसी मतदाता को अपना नाम विलोपित कराना हो अथवा विवरण में संशोधन कराना हो, तो वह भी नियमानुसार आवेदन कर सकता है। यह पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सतत रूप से जारी रहेगी, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग सुनिश्चित कर सके।
प्रेस वार्ता के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र कुमार ठाकुर, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी टंकेश्वर प्रसाद साहू, भाजपा से शशांक ताम्रकार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कोमल साहू, आम आदमी पार्टी से संतोष यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन कर्मचारी तथा प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।




