G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

प्रभारी सचिव ने किया जालबांधा, सलौनी, अमलीपारा, गाड़ाडीह, बाजार अतरिया और भोरमपुर कला उपार्जन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खरीदी व्यवस्था संतोषजनक, किसानों ने बताया सुचारू संचालन

खैरागढ़, 18 नवम्बर 2025।
जिले में धान खरीदी कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रभारी सचिव श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी ने आज जालबांधा, सलौनी, अमलीपारा, गाड़ाडीह, बाजार अतरिया और भोरमपुर कला धान उपार्जन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक केंद्र में पहुँचकर खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, गुणवत्ता परीक्षण, नमी मापन और किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती तिवारी ने किसानों से सीधी बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं एवं केंद्रों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि सभी उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है और उन्हें तौल से लेकर गुणवत्ता परीक्षण तथा बोरा उपलब्धता तक किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। किसानों ने यह भी कहा कि केंद्रों में पारदर्शिता बनी हुई है और कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगपूर्ण रहा है।

प्रभारी सचिव ने निरीक्षण के दौरान केंद्र संचालकों को खरीदी के प्रत्येक चरण को समयबद्ध और पारदर्शी रखकर किसानों को सर्वोत्तम सुविधाएँ देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी की स्थिति को तुरंत दूर किया जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को केंद्रों की सतत निगरानी रखने और खरीदी संबंधी सभी प्रक्रियाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर  इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर  सुरेंद्र कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  नितेश कुमार गौतम, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रेणुका रात्रे, जिला खाद्य अधिकारी  भुनेश्वर चेलक सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page