G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

पीएम जनमन योजना की समीक्षा: कलेक्टर ने समय-सीमा में पूर्णता और शत-प्रतिशत कवरेज पर दिया जोर

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़ : जिले में संचालित पीएम जनमन योजना की प्रगति का जायजा लेने हेतु कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान योजना के अंतर्गत चल रही दीर्घकालिक एवं त्वरित गतिविधियों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई और लक्ष्य अनुसार पूर्णता की दिशा में प्रगति का मूल्यांकन किया गया।

आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त स्वर्णिम शुक्ला ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि योजना के तहत आवास निर्माण, सड़कों का विकास, पेयजल उपलब्धता, बहुउद्देशीय केंद्रों का निर्माण, आंगनबाड़ी भवन, मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू), विद्युत सुविधा, क्रेडा के जरिए सौर ऊर्जा, दूरसंचार सेवाएं तथा छात्रावास निर्माण कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयावधि में सभी कार्य पूर्ण करें तथा योजना का लाभ शत-प्रतिशत हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित निगरानी को अत्यंत आवश्यक बताया तथा लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

स्वास्थ्य सेवाओं के संदर्भ में उन्होंने मोबाइल मेडिकल यूनिट के सुचारू संचालन पर बल देते हुए निर्देश दिए कि बैगा जनजाति की महिलाओं एवं बच्चों की एनीमिया, सिकल सेल सहित अन्य आवश्यक जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए। साथ ही इनका समुचित डेटा संकलन कर एक व्यवस्थित मेडिकल डाटाबेस तैयार किया जाए, जिससे योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने कहा कि शासन की गाइडलाइन के अनुरूप बहुउद्देशीय केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करते हुए उन्हें ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page