G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhDurg

जिला अस्पताल पहुंचे कलेक्टर, सही तरीके से सोशल डिस्टेंसिंग नहीं किये जाने पर जताई सख्त नाराजगी, पंजीयन के लिए ज्यादा काउंटर खोलने दिये निर्देश

दुर्ग। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे आज जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने कोरोना सैंपल लेने के लिए बनाये गए रजिस्ट्रेशन केंद्र का निरीक्षण किया। सैंपल देने पहुंचे नागरिक लाइन में तो थे लेकिन सही तरह से सोशल डिस्टेंसिंग का अभाव था, इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से कहा कि अभी सैंपल के लिए आये लोगों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जो निर्धारित दो गज की दूरी है। उसका पालन कराएं। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन यह देखें कि जिन लोगों को यहां सोशल डिस्टेंसिंग बनाने की ड्यूटी दी गई है वे इसका गंभीरता से पालन कर रहे हैं या नहीं। इसके साथ ही अस्पताल में सुरक्षा के लिए जो एजेंसी लगाई गई हैं उनके कार्यों की भी समीक्षा करें।

करीब के फीवर क्लीनिक के नंबर डिस्प्ले करें-उन्होंने कहा कि अधिकांश लोग जिला अस्पताल में सीधे आते हैं इस वजह से जिला अस्पताल में दबाव काफी बढ़ जाता है लेकिन चूंकि नजदीकी फीवर क्लीनिक में भी जांच की सुविधा है अतएव इनकी जानकारी भी यहां पर डिस्प्ले करें। इससे नजदीकी फीवर क्लीनिक के बारे में लोगों को जानकारी भी मिल पाएगी और इस तरह जिला अस्पताल में भीड़ छंटेगी।

रजिस्ट्रेशन के लिए काउंटर्स की संख्या बढ़ाएं- कलेक्टर ने रजिस्ट्रेशन के लिए काउंटर्स की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि इससे कागजी प्रक्रिया में लगने वाला समय कुछ घट जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए वालंटिर्यस की मदद भी ली जा सकती है। एसडीएम खेमलाल वर्मा ने बताया कि इस कार्य के लिए वालंटियर्स से संपर्क किया जा रहा है।

सुरक्षा का रिव्यू और रोटेशन जरूरी- कलेक्टर ने सीएस से कहा कि सबसे जरूरी यह है कि जल्दी से जल्दी लोगों के सैंपल लिये जाए। यह प्रक्रिया जितनी संक्षिप्त होगी, भीड़ उतनी ही छंटेगी और सोशल डिस्टेंसिग बनाने में उतनी ही मदद मिलेगी। सोशल डिस्टेंसिंग बनाने के लिए और व्यवस्था के लिए जिन लोगों को लगाया गया है। उनके कार्य की मानिटरिंग स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा निरंतर की जाए। जहां पर कार्य संतोषजनक न हो, वहां बदलाव किये जाएं।

दिक्कत वाले मरीजों के सैंपलिंग के लिए अलग से हो व्यवस्था- कलेक्टर ने कहा कि जिन लोगों को उम्र आधारित अथवा शारीरिक अक्षमता आधारित किसी तरह की समस्या है उनकी जिला अस्पताल में ही पृथक रूप से किसी जगह पर सैंपलिंग की जाए।

सेक्टर 9 अस्पताल का किया निरीक्षण

इसके साथ ही कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आज सेक्टर 9 हॉस्पिटल में कोविड केअर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से विविध विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जो भी पेशेंट आते हैं तत्काल उन्हें जांचकर स्टेबल करने की प्रक्रिया शुरू कर दें। चिकित्सकों ने यहाँ पर उपलब्ध बेड की स्थिति की जानकारी दी। साथ ही दवाओं की उपलब्धता, ऑक्सीजन सिलिंडर की उपलब्धता आदि पर विस्तार से जानकारी दी। प्रबंधन ने बताया कि मरीजों को सबसे अच्छी सुविधा देने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। व्हाट्सअप ग्रुप भी इस उद्देश्य से बनाया गया है। यहां पर भी मरीजों के अपडेट शेयर किए जाते हैं और इसके मुताबिक इलाज की प्लानिंग की जाती है।कलेक्टर ने यहां स्थित फीवर क्लिनिक का निरीक्षण भी किया। चिकित्सकों ने बताया कि आज यहां 106 सैंपल हुए।
प्रबंधन ने बताया कि वे सीएमएचओ के लगातार संपर्क में हैं। मरीजों की स्थिति, उनके स्वास्थ्य के अपडेट सहित सभी विषयों पर समन्वय से कार्य हो रहा है।

प्रबंधन ने होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की जानकारी भी कलेक्टर को दी। इन्हें दी जा रही दवाएं एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भी दी।

कलेक्टर ने कहा कि गंभीर मरीजों, अन्य जोखिम वाले मरीजों तथा बुजुर्ग मरीजों का भी विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर ने प्रबंधन से कहा कि कोविड से निपटने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करना है। उन्होंने क्षमता विस्तार पर भी चर्चा की।

कलेक्टर ने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहे फीवर क्लिनिक भी देखे। यहां उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि हर दिन किंतने सैंपल ले रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सैंपल कलेक्शन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का हमेशा ध्यान रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page