रैंप योजना से उद्यमियों को मिली नई दिशा, खैरागढ़ में एडवांस प्रशिक्षण आयोजित

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
महिला उद्यमियों सहित 34 प्रतिभागियों ने लिया आधुनिक व्यवसायिक तकनीकों का प्रशिक्षण
खैरागढ़ : केंद्र सरकार की रैंप (RAMP) योजना अंतर्गत जिला पंचायत खैरागढ़ में उद्यमिता विषय पर दो दिवसीय एडवांस ट्रेनिंग कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय एवं राज्य शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन पहलों के तहत सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले चॉइस कंसल्टेंसी द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 34 उद्यमियों, विशेषकर महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना, स्वरोजगार के अवसर सृजित करना तथा प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्रदान करना रहा। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में प्रतिभागियों से संवाद कर उनकी गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। इसके पश्चात मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय द्वारा केंद्र सरकार की योजनाओं, व्यवसाय विस्तार रणनीति, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल टूल्स, जीएसटी सहित कानूनी प्रक्रियाएं, गुणवत्ता नियंत्रण एवं संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।
द्वितीय दिवस में ब्रांडिंग, मार्केटिंग, ग्राहक सहभागिता, ई-कॉमर्स, सरकारी ई-मार्केट प्लेस (GeM), निर्यात तैयारी, सप्लाई चेन प्रबंधन एवं निवेशक-तैयारी जैसे विषयों पर चर्चा की गई। वहीं मास्टर ट्रेनर रोहित शर्मा ने मार्केट लिंकेज एवं ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) पर व्यवहारिक जानकारी साझा की।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को योजनाओं के लाभ, ऋण प्रक्रिया, सब्सिडी एवं वर्किंग कैपिटल से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी टंकेश्वर प्रसाद साहू, डिप्टी कलेक्टर पूजा पींचा एवं जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक प्रणय बघेल उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उद्यमियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उद्योग विकास के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक बताया। अंत में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


