पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना : बैहाटोला के घनश्याम वर्मा का बिजली बिल हुआ जीरो

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
सोलर पैनल लगने से हर महीने ₹400 की बचत, गांव के लोग भी हो रहे प्रेरित
खैरागढ़ : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अब ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत बनकर उभर रही है। इस योजना का एक प्रेरणादायक उदाहरण बैहाटोला निवासी घनश्याम वर्मा ने प्रस्तुत किया है। योजना के तहत अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने के बाद उनका बिजली बिल अब शून्य हो गया है।
श्री वर्मा ने बताया कि पहले उनके घर का औसत मासिक बिजली बिल लगभग ₹400 आता था, जो एक सामान्य परिवार के लिए हर महीने एक अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन जाता था। लेकिन प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल स्थापित होने के बाद अब उनका बिजली बिल ₹00 हो गया है और घर की बिजली जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा प्रदान की गई सब्सिडी से सोलर पैनल लगवाना आसान और किफायती हो गया। अब बिजली पर होने वाला खर्च बच रहा है, जिससे परिवार की अन्य आवश्यकताओं और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग मिल रहा है।
घनश्याम वर्मा का कहना है कि पहले हर महीने बिजली बिल की चिंता रहती थी, लेकिन अब सूर्य की रोशनी से घर में मुफ्त बिजली मिल रही है। यह योजना आम लोगों के लिए वास्तविक बचत का माध्यम बन रही है।
घनश्याम वर्मा की इस पहल को देखकर बैहाटोला के अन्य ग्रामीण भी अब सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना न केवल लोगों के बिजली खर्च को कम कर रही है, बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा दे रही है।


