फूलोदेवी नेताम बन सकती है महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष……सुष्मिता देव के इस्तीफे के बाद बनी सबसे प्रमुख दावेदार…. जानिये क्यों है फूलोदेवी की राष्ट्रीय अध्यक्ष की दावेदारी


रायपुर 16 अगस्त 2021। राज्यसभा सांसद फूलोदेव नेताम महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकती है। सुष्मिता देव सिंह के इस्तीफे के बाद राजनीतिक सूत्र इस बात की पुष्टि कर रहे हैं। हालांकि इस बात की अटकलें पिछले करीब 10 दिनों से लग रही थी, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस संगठन में कुछ बदलाव हो सकता है। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी हटाने को लेकर चर्चाएं चल रही थी, लेकिन इससे पहले ही सुष्मिता देव सिंह ने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष को सौंप दिया। माना जा रहा है कि इसी सप्ताह फूलोदेवी नेताम को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर कुछ बड़ा निर्णय लिया जा सकता है।
अगर हुई ताजपोशी से छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर में शीर्ष पर पहुंचने वाली पहली नेता होगी
छत्तीसगढ़ से दिवंगत मोतीलाल वोरा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रह चुके हैं, लेकिन उसके बाद छत्तीसगढ़ से कोई भी नेता शीर्ष संगठन के पदों पर नहीं जा पाया है। अगर फूलोदेवी नेताम राष्ट्रीय अध्यक्ष बनती है, तो वो छत्तीसगढ़ से शीर्ष पदों पर जाने वाली पहली नेता बन जायेगी। फूलोदेवी नेताम के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की चर्चा काफी जोरों पर है।
क्यों बढ़ी फूलोदेवी नेताम की दावेदारी
फूलोदेवी नेताम बड़ा आदिवासी चेहरा हैं, राज्यसभा सांसद होने की वजह से उनकी दावेदारी इस पद पर और बढ़ गयी है। फूलोदेवी नेताम अभी छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं और कांग्रेस संगठन में काफी सक्रिय भी है। बस्तर क्षेत्र से आने वाली नेता फूलोदेवी के बारे में कहा जाता है कि वो जमीन से जुड़ी हुई नेता है। पेगासास मुद्दे और राज्यसभा में हुए हंगामे में फूलोदेवी नेताम काफी चर्चा में आयी थी।
राहुल गांधी ने भी फूलोदेवी नेताम का लिया था नाम
राज्यसभा सांसद बनने के बाद फूलोदेवी नेताम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी काफी सक्रियता दिखायी है। राज्यसभा में मार्शल की फूलोदेवी नेताम के साथ हाथापाई का वीडियो भी सोशल मीडिया और राष्ट्रीय मीडिया में खूब वायरल हुआ था। इस दौरान फूलोदेवी नेताम को काफी चोटें भी आयी थी। राज्यसभा में हुए इस हंगामे के बाद राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दलों के मार्च में भी फूलोदेवी नेताम शामिल थी। इस दौरान खुद राहुल गांधी ने फूलोदेवी नेताम के साथ मार्शल की हाथापाई का जिक्र मीडिया में किया था। फूलोदेवी नेताम का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मार्शल की वजह से सांसद को चोटें लगी है।
झीरम कांड के दौरान बाल-बाल बची थी
फूलोदेवी नेताम काफी वक्त से संगठन से जुड़ी रही है। आदिवासी होने के नाते बस्तर के क्षेत्र में अच्छी पकड़ भी है। परिवर्तन यात्रा के दौरान भी मौजूद रही थी, जिसमें झीरम में हमला हुआ था। हालांकि इस हमले में वो बाल-बाल बच गयी थी।