जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू, किसानों को मिल रहा उचित लाभ


AP News विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी
राज्य सरकार द्वारा लागू 24×7 ऑनलाइन व्यवस्था से आसान हुई धान खरीदी
खैरागढ़ 20 दिसंबर 2025// जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य राज्य सरकार के निर्देशानुसार सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी रूप से जारी है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने तथा धान खरीदी प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा 24×7 ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू की गई है।
इसी क्रम में धान खरीदी केंद्र पिपरिया में धान खरीदी व्यवस्था के तहत किसानों को ऑनलाइन टोकन के माध्यम से निर्धारित समय पर धान विक्रय का अवसर मिल रहा है। इस व्यवस्था से किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत मिली है और खरीदी कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो रहा है।
धान उत्पादक किसानों ने बताया कि शासन द्वारा 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की जा रही है, वहीं घोषित 3100 रुपये समर्थन मूल्य से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है। इससे किसान वर्ग में संतोष का वातावरण है।
ग्राम पेंड्री निवासी किसान उपेन्द्र साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने 160 कट्टा धान का ऑनलाइन टोकन कटाया है। उन्होंने कहा कि 24×7 ऑनलाइन व्यवस्था के कारण समय पर टोकन मिल गया, जिससे धान विक्रय की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुचारू बनी हुई है। किसान ने बेहतर व्यवस्था के लिए शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


