धान उपार्जन पूर्व फसल प्रविष्टियों के रेंडम सत्यापन हेतु मोबाइल एप्प पर अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी
खैरागढ़, 25 सितम्बर 2025//
राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान उपार्जन से पूर्व एग्रीस्टैक पोर्टल एवं भुइया सॉफ्टवेयर में दर्ज फसल प्रविष्टियों का रेंडम सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए विशेष रूप से गिरदावरी भौतिक सत्यापन मोबाइल एप्प तैयार किया गया है।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशानुसार बुधवार को कलेक्टर सभागार में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर कलेक्टर ने की तथा प्रशिक्षण जिला खाद्य अधिकारी एवं उनकी टीम द्वारा दिया गया। इसमें जिले के सभी नोडल अधिकारियों को दो पालियों में प्रशिक्षित किया गया — प्रथम पाली सुबह 11 से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 से 3 बजे तक।
प्रशिक्षण में बताया गया कि सत्यापन की प्रक्रिया तीन स्तरों पर होगी। प्रथम चरण में मोबाइल एप्प के माध्यम से खसरा सत्यापन का कार्य कलेक्टर द्वारा नामांकित राजस्व, कृषि एवं पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। यदि किसी प्रविष्टि में त्रुटि पाई जाती है तो उसे भौतिक सत्यापन के आधार पर सुधारा जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रथम एवं द्वितीय चरण में सत्यापन कार्य हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। इसका उद्देश्य आगामी धान उपार्जन कार्य को सुगम, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।