धोबहर में संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा से हुआ देव स्थापना


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 10 मार्च। जिले के मरवाही क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धोबहर में संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ मंगलवार को कलश यात्रा एवं देव स्थापना के साथ हुआ। कथा का वाचन राष्ट्रीय कथा वाचक एवं कथा व्यास परम पूज्य मधुरम भारद्वाज जी महाराज, श्रीधाम वृंदावन के श्रीमुख से किया जा रहा है।
आयोजन 10 मार्च से 17 मार्च 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रारंभ हो रहा है। कथा स्थल पर भक्तिभाव से ओत-प्रोत वातावरण बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। पूरे गांव में भक्ति की रसधारा बह रही है तथा भक्तजन राधे-राधे के जयकारों के साथ कथा में शामिल हो रहे हैं।
कथा के दौरान विभिन्न प्रसंगों को जीवंत झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को धार्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण अनुभव हो रहा है।
कथा क्रम के अनुसार 11 मार्च को श्री सुखदेव कथा, राजा परीक्षित जन्म एवं सृष्टि निर्माण की कथा होगी। 12 मार्च को सती चरित्र, भक्त ध्रुव चरित्र तथा भगवान नरसिंह और भक्त प्रह्लाद की कथा का वर्णन किया जाएगा। 13 मार्च को वामन अवतार एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
इसी प्रकार 14 मार्च को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा, 15 मार्च को महारास, कंस वध एवं रुक्मिणी विवाह का प्रसंग सुनाया जाएगा। 16 मार्च को भगवान श्रीकृष्ण के अन्य विवाह, अनिरुद्ध युद्ध और सुदामा चरित्र का वर्णन होगा तथा चढ़ोतरी की रस्म संपन्न की जाएगी।
कार्यक्रम का समापन 17 मार्च को हवन, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद भंडारे के साथ किया जाएगा।
इस धार्मिक आयोजन की मुख्य जजमान श्रीमती माया मिश्रा हैं, जो मिश्रा डीजे संचालक प्रमोल मिश्रा की माता हैं। आयोजन में ग्रामवासियों और क्षेत्र के श्रद्धालुओं का उत्साहपूर्वक सहयोग मिल रहा है।

