
AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी
योजनाओं का निरीक्षण, जन चौपाल में संवाद, जल संरक्षण कार्यों पर विशेष जोर

खैरागढ़ :
महात्मा गांधी नरेगा के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना (PMAY-G) के संचालक तारण प्रकाश सिन्हा ने आज खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम जोरातराई, राज्यपाल गोदग्राम सोनपुरी एवं छुईखदान विकासखंड के बैगा बाहुल्य ग्राम दल्ली का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन, हितग्राहियों से संवाद और जल संरक्षण आधारित कार्यों को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
जोरातराई में मनरेगा और PMAY-G कार्यों का निरीक्षण
आयुक्त श्री सिन्हा ने गाँव जोरातराई में मनरेगा कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया और QR कोड स्कैनिंग के माध्यम से जानकारी प्राप्त की, जिसकी उन्होंने सराहना की। प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के तहत श्री कुमान/थानु एवं मानिक/रामा के आवास का स्थल निरीक्षण किया।
उन्होंने लाभार्थियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि आवास योजना का लाभ समय पर और गुणवत्ता सहित मिले, साथ ही टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर का ग्रामीणों में अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों को निर्माण सामग्री की आपूर्ति में सहयोग देने एवं स्व-सहायता समूहों को सामग्री उपलब्ध कराने और आवश्यकता पड़ने पर ऋण प्रदाय में आगे आने हेतु प्रेरित किया।
राज्यपाल गोदग्राम सोनपुरी में जन चौपाल—महिला समूहों से संवाद
सोनपुरी में आयोजित जन चौपाल में आयुक्त ने महिला स्व-सहायता समूहों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने CLART एप के माध्यम से ग्राम में प्रस्तावित संरचनाओं व कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मनरेगा के माध्यम से आजीविका डबरी का निर्माण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और जल संरक्षण का प्रभावी साधन है। इसलिए प्रत्येक ग्राम में अधिक से अधिक आजीविका डबरी निर्मित की जाए।
सोनपुरी में अमरौतिन/मंगल और सुकवारोबाई/ननकू यादव के आवासों का निरीक्षण भी किया गया।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल, अधीक्षण अभियंता विनय गुप्ता, आवास प्रभारी श्री परिहार, सीईओ जनपद पंचायत खैरागढ़ हिमांशु गुप्ता, तथा जिला व जनपद पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे।
बैगा बाहुल्य ग्राम दल्ली में जनमन आवासों एवं मनरेगा कार्यों का अवलोकन
आयुक्त श्री सिन्हा ने विकासखंड छुईखदान के विशेष पिछड़ी जनजाति (बैगा) बहुल ग्राम दल्ली (ग्राम पंचायत गोलरडीह) का दौरा कर जनमन आवासों का निरीक्षण किया तथा हितग्राहियों से चर्चा की।
उन्होंने मनरेगा के तहत निर्मित कुएं का अवलोकन किया, जिसके जल का उपयोग ग्रामीण आलू, धनिया तथा बाड़ी की फसलों की सिंचाई में कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए प्रत्येक ग्राम में कम से कम एक मानक आधारित आजीविका डबरी निर्माण के लिए प्रेरित किया।
ग्राम दल्ली में आयोजित चौपाल में आयुक्त ने हितग्राहियों की समस्याएं सुनीं और मनरेगा से अधिकाधिक जल संरक्षण एवं कृषि आधारित कार्य कराने के निर्देश दिए।




