राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर जागरूकता का संदेश – देवेन्द्र चंद्रवंशी
कवर्धा। 15 मार्च को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर उपभोक्ता सुरक्षा एवं शिक्षा फाउंडेशन के कार्य. प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र चंद्रवंशी ने उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता को सुरक्षित, गुणवत्ता युक्त और सही मूल्य पर वस्तुएं व सेवाएं प्राप्त करने का अधिकार है।
चंद्रवंशी ने बताया कि आज के समय में बाजार में कई प्रकार की वस्तुएं और सेवाएं उपलब्ध हैं, ऐसे में उपभोक्ताओं को खरीदारी करते समय बिल लेना, उत्पाद की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट और प्रमाणिकता की जांच अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता के साथ ठगी या अन्याय होता है तो वह उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कर अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि उपभोक्ता सुरक्षा एवं शिक्षा फाउंडेशन लगातार लोगों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है, ताकि समाज का हर व्यक्ति सुरक्षित और जागरूक उपभोक्ता बन सके।
इस अवसर पर चंद्रवंशी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहें और किसी भी प्रकार की उपभोक्ता ठगी के खिलाफ आवाज उठाएं।



