अवैध धान भंडारण पर मंडी प्रशासन की सख्त कार्रवाई, 168 कट्टा धान जप्त


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी

खैरागढ़ :
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में मंडी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संयुक्त टीम द्वारा अवैध रूप से संग्रहित धान के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंडी प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान फुटकर एवं व्यापारी मंडी प्रतिष्ठानों से बड़ी मात्रा में धान जप्त किया गया।

जांच के दौरान ग्राम गातापार जंगल स्थित फुटकर व्यापारी ईश्वर सिन्हा के प्रतिष्ठान से 40 कट्टा धान मंडी अधिनियम के तहत जप्त कर संबंधित की सुपुर्दगी में दिया गया। इसी प्रकार ग्राम प्रकाशपुर में जय लाल बंजारे के फुटकर व्यापारी मंडी प्रतिष्ठान से 33 कट्टा धान जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त नर्मदा गंडई स्थित गौरव गोलछा की फर्म से 16 क्विंटल धान मंडी अधिनियम के अंतर्गत जप्त किया गया। वहीं सलगापाट स्थित मंगल साहू किराना स्टोर के फुटकर मंडी व्यापारी गोदाम से 55 कट्टा (लगभग 22 क्विंटल) धान जप्त कर मंडी अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की गई।
इस प्रकार संयुक्त टीम द्वारा की गई विभिन्न कार्रवाईयों में कुल 168 कट्टा धान (लगभग 67 क्विंटल) जप्त किया गया। मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर के निर्देशानुसार बिना पंजीयन एवं नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे अवैध धान भंडारण एवं व्यापार के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


