ChhattisgarhINDIAखास-खबर

खैरागढ़ के छात्र खोमन का जापान यात्रा हेतु चयन, “सकुरा साइंस प्रोग्राम 2025” में होंगे शामिल, कलेक्टर ने दी बधाई

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़, 11 जून 2025//
खैरागढ़ नगर के लिए यह गर्व का क्षण है कि यहां के पीएम श्री डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बक्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय के मेधावी छात्र खोमन का चयन जापान सरकार के प्रतिष्ठित “सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम 2025” के लिए हुआ है। यह कार्यक्रम विश्व के चुनिंदा प्रतिभावान छात्रों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचारों व अनुसंधान की अत्याधुनिक जानकारी देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।

खोमन वर्तमान में विद्यालय में कक्षा 12वीं में जीवविज्ञान संकाय के छात्र हैं। उनका चयन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा संचालित इंस्पायर मानक कार्यक्रम के अंतर्गत उनके अभिनव “स्मार्ट स्कूल बैग” परियोजना के लिए किया गया है।

कलेक्टर ने दी बधाई, नवाचार साझा करने कहा

छात्र खोमन ने अपने परिवार के साथ कलेक्टर  इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान कलेक्टर ने छात्र को शुभकामनाएं दीं और उसकी इस वैज्ञानिक सोच को सराहा। उन्होंने जिले के अधिकारियों के समक्ष खोमन को अपना नवाचार – “स्मार्ट स्कूल बैग” – प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया। खोमन ने बड़े आत्मविश्वास से अपनी परियोजना की जानकारी साझा की, जिससे उपस्थित अधिकारीगण प्रभावित हुए।

कलेक्टर ने कहा कि छात्र की यह उपलब्धि न केवल उसके लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि छात्र की रचनात्मकता और तकनीकी ज्ञान को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन हर संभव प्रयास करेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रेम कुमार पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी  लाल जी द्विवेदी सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्राम भरदाकला से अंतरराष्ट्रीय मंच तक

खोमन का यह सफर ग्राम भरदाकला जैसे ग्रामीण अंचल से आरंभ होकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा है। उनके इस सफर में उनके विज्ञान शिक्षकों, विशेषकर जिला नोडल अधिकारी संजय श्रीवास्तव (व्याख्याता, भौतिक) और मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती पायल मेश्राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने छात्र को लगातार मार्गदर्शन देकर प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।

खोमन ने बीते वर्ष नई दिल्ली में इंस्पायर मानक की राष्ट्रीय प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व किया था, जहां उनके मॉडल को विशेषज्ञों ने सराहा। उसी क्रम में यह चयन हुआ है।

छात्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला प्रशासन, जिला शिक्षा अधिकारी, इंस्पायर कार्यक्रम के राज्य व जिला समन्वयक, विद्यालय परिवार एवं समस्त क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page