प्रशिक्षण से बदली तकदीर: केशलाल मंडावी ने आधुनिक खेती से बढ़ाई आमदनी”

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ //
जिला खैरागढ़–छुईखदान–गंडई के ग्राम जीराटोला (पोस्ट गंडई) निवासी केशलाल मंडावी, पिता हेमसिंग मंडावी, एक मेहनती और प्रगतिशील किसान हैं। उनके पास कुल 4.00 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें वे वर्षों से खरीफ मौसम में धान तथा रबी मौसम में चना की खेती करते आ रहे थे।
पूर्व में वे पारंपरिक पद्धति से खेती करते थे, जिसके कारण उन्हें अपेक्षित उत्पादन और लाभ प्राप्त नहीं हो पा रहा था। बढ़ती लागत और कम उपज के कारण आर्थिक स्थिति में विशेष सुधार नहीं हो पा रहा था।
वर्ष 2024-25 में उन्होंने कृषि विभाग से संपर्क कर प्रशिक्षण एवं कृषक भ्रमण कार्यक्रमों में भाग लिया। यहां उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, संतुलित उर्वरक प्रबंधन एवं कीट नियंत्रण के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी प्राप्त हुई। इससे प्रेरित होकर उन्होंने अपनी खेती में बदलाव लाने का निर्णय लिया।
कृषि विभाग की रेनफेड एरिया डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत उन्होंने खरीफ मौसम में 1 हेक्टेयर क्षेत्र में उड़द फसल प्रदर्शन तथा रबी मौसम में 1 हेक्टेयर क्षेत्र में चना फसल प्रदर्शन किया। विभाग द्वारा उन्हें बीज एवं दवाइयों सहित आवश्यक आदान सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा समय-समय पर प्रशिक्षण देकर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
वैज्ञानिक पद्धति अपनाने से उनकी फसल का उत्पादन पहले की तुलना में उल्लेखनीय रूप से बढ़ा। जहां पहले उन्हें सीमित लाभ मिलता था, वहीं अब बेहतर उत्पादन के कारण उनकी आय में वृद्धि हुई और आर्थिक स्थिति में सुधार आया।
केशलाल मंडावी बताते हैं कि कृषि विभाग के मार्गदर्शन और योजनाओं के लाभ से उनकी खेती लाभकारी बनी है। वे अन्य किसानों से भी अपील करते हैं कि वे विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक तकनीकों को अपनाएं और अपनी आय में वृद्धि करें।


