G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

आवास निर्माण में तेजी के निर्देश, ग्रामीणों की मांगों पर भी हुआ मंथन

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़ :
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण) अंतर्गत विशेष परियोजना के तहत नक्सल प्रभावित परिवारों के लिए स्वीकृत आवासों का निरीक्षण किया गया। ग्राम पंचायत बीरूटोला में हितग्राही राजीम धुर्वे एवं समारीन बाई के छत स्तर तक पहुंचे निर्माणाधीन आवास का अवलोकन करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी प्रकाशचंद तारम, प्रभारी जिला समन्वयक(पीएमएवाई-जी) राजेश साहू, तकनीकी सहायक, सचिव, रोजगार सहायक एवं आवास मित्र उपस्थित रहे। श्री पटेल ने हितग्राहियों से चर्चा कर शासन से प्राप्त लाभों की जानकारी ली तथा परिवार को स्व-सहायता समूह से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही उनकी अभिरुचि के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया।

ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा, सीसी रोड निर्माण के लिए निर्देश

इसके पश्चात ग्राम पंचायत समुंदपानी के आश्रित ग्राम निजामडीह में समाज प्रमुखों, सरपंच-पंचों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। ग्रामीणों द्वारा सीसी रोड निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर तकनीकी सहायक को प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। श्री पटेल ने ग्रामीण युवाओं को राजमिस्त्री, उन्नत कृषि एवं पशुपालन जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह से जुड़कर ऋण सुविधा के माध्यम से छोटे-छोटे व्यवसाय एवं कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले बीज, खाद आदि की खरीदी कर आर्थिक सशक्तिकरण संभव है। ग्रामीणों के द्वारा निजामडीह से समुंदपानी मार्ग स्वीकृत करने और गांव में बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

रायजीला झरना को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल

निरीक्षण के क्रम में निजामडीह से लगभग 1 किलोमीटर दूरी पर स्थित रायजीला प्राकृतिक जल प्रवाह(झिरिया) का भी अवलोकन किया गया, जिसे जिला पर्यटन स्थल सूची में शामिल किया गया है। ग्रामीणों ने यहां ज्योति प्रज्वलन हेतु सामुदायिक भवन, ज्योति विसर्जन के लिए कुंड तथा पानी एवं बिजली की व्यवस्था की मांग रखी।

इस दौरान ग्राम पंचायत समुंदपानी के सरपंच भारत यादव, ग्राम पंचायत चोभर के सरपंच प्रतिनिधि गणेश धुर्वे, ग्राम पंचायत गेरूखदान के सरपंच बरन सिंह मरावी, ग्राम पंचायत कोसमर्रा के सरपंच प्रतिनिधि हेमंत, बैगा समाज के जिला अध्यक्ष जीवन मेरावी सहित संबंधित ग्राम पंचायत के सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page