G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAखास-खबर

ग्राम सोनपूरी में राज्यपाल का जनसंवाद, अंतिम पंक्ति तक योजनाओं के लाभ पर जोर

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी

स्व-सहायता समूहों की महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर, विद्यार्थियों व ग्रामीणों की मांगों पर संवेदनशील पहल

खैरागढ़, 26 अगस्त 2025 // छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने अपने एक दिवसीय खैरागढ़ प्रवास के दौरान गोद ग्राम सोनपूरी में जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब इनका लाभ अंतिम पंक्ति के हितग्राही तक पहुंचे। ग्राम सोनपूरी को मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए उन्होंने सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।

लखपति दीदियों की सफलता ने बढ़ाया उत्साह

राज्यपाल ने शासन की योजनाओं का लाभ ले चुके हितग्राहियों से फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने लखपति दीदी नीलेश्वरी वर्मा से उनके आत्मनिर्भरता के सफर की जानकारी ली। वर्मा ने बताया कि उन्होंने 50 हजार रुपए का लोन लेकर किराना दुकान शुरू की और समय पर लोन चुका कर एक लाख रुपए का दूसरा लोन लेकर व्यवसाय को आगे बढ़ाया। आज वे सफलता के साथ व्यवसाय चला रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि गांव की 7 लखपति दीदियां विभिन्न व्यवसायों से जुड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।

विद्यार्थियों और ग्रामीणों की मांग पर संवेदनशील पहल

जनसंवाद के दौरान विद्यार्थियों ने कौशल विकास प्रशिक्षण हेतु आने-जाने में आर्थिक सहायता की मांग रखी। उनकी गुहार पर राज्यपाल ने सभी विद्यार्थियों को राजभवन से 5-5 हजार रुपए सहयोग देने की घोषणा की।
इसी तरह ग्रामीणों द्वारा श्मशान घाट के रख-रखाव और बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग पर उन्होंने राजभवन से 5 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। इन समूहों ने न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य में बड़े बदलाव का आधार बनते हैं।

कलेक्टर ने दी विकास कार्यों की जानकारी

इस अवसर पर कलेक्टर  इन्द्रजीत चंद्रवाल ने ग्राम सोनपूरी में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आजीविका संवर्धन एवं आधारभूत ढाँचे से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के संयुक्त प्रयासों से ग्राम सोनपूरी को शीघ्र ही आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यपाल के उप सचिव सुश्री निधि साहू, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, ग्राम सोनपुरी सरपंच सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page