असम के प्रसिद्ध साहित्यकार रघुनाथ चौधरी की निर्माणाधीन प्रतिमा का राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय पहुंचकर किया अवलोकन

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी
प्रतिमा के प्रारंभिक निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त की

कांस्य प्रतिमा निर्माण के लिए आगे की कारवाही करने दिए निर्देश

खैरागढ़ 26 अगस्त 2025// इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के मूर्तिकला विभाग में निर्माणाधीन असम के प्रसिद्ध साहित्यकार रघुनाथ चौधरी की प्रतिमा का राज्यपाल ने अवलोकन किया। गेस्ट हाउस में अधिकारियों से चर्चा पश्चात राज्यपाल मूर्तिकला विभाग पहुंचे जहां साहित्यकार रघुनाथ चौधरी की प्रतिमा के प्रारंभिक निर्माण (मिट्टी से बने ढांचे) का अवलोकन किया। प्रतिमा के प्रारंभिक निर्माण को देखकर राज्यपाल प्रसन्न हुए और कांस्य प्रतिमा निर्माण के लिए आगे की कार्यवाही शुरू करने की अनुमति प्रदान की।
इस अवसर पर कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल उपस्थित रहे।
प्रतिमा निर्माण के लिए विश्वविद्यालय को दी थी बड़ी जिम्मेदारी
राज्यपाल रमेन डेका ने असम के भारतीय लेखक रघुनाथ चौधरी की प्रतिमा बनाने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय को दो माह पूर्व बड़ी जिम्मेदारी दी थी। कुलपति महोदया से चर्चा के दौरान राज्यपाल ने गुणवत्तापूर्ण तथा परफेक्शन के साथ प्रतिमा निर्माण कराने की बात कही थी। रघुनाथ चौधरी असमिया साहित्य के जोनाकी युग के एक भारतीय लेखक थे। उन्हें बिहोगी कोबी (पक्षियों के कवि) के रूप में जाना जाता है क्योंकि उनके अधिकांश लेखन पक्षियों और प्रकृति पर आधारित हैं।



