भारत माता चौक में सेनानी परिवार ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, ‘एक दीपक शहीदों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित

कवर्धा। स्थानीय भारत माता चौक में रविवार 1 मार्च 2026 को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था, कबीरधाम जिला द्वारा “एक दीपक शहीदों के नाम” श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं शहीदों को गुलाल लगाकर, पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण से की गई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलित कर वंदना की गई तथा तीन बार परिक्रमा की गई। उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् गीत गाया।
कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “महात्मा गांधी की जय”, “भगत सिंह अमर रहे”, “सुखदेव थापर अमर रहे”, “सुभाष चंद्र बोस अमर रहे”, “चंद्रशेखर आजाद अमर रहे” तथा “स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर रहें” के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर एकता और श्रद्धा का संदेश दिया।
संस्था द्वारा आयोजित यह चौथा “एक दीपक शहीदों के नाम” कार्यक्रम था। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार यदु, उपाध्यक्ष इंजि. एस.एस. जैन, सचिव नरोत्तम महोबिया, कोषाध्यक्ष महेश महोबिया, सियाराम महोबिया, भंवरलाल लूनिया एवं श्रीमती केसरवानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक क्षण भी आया, जब एक महिला तैयारी को ध्यानपूर्वक देख रही थीं। पूछने पर उन्होंने बताया कि उनके ससुर भी स्वतंत्रता सेनानी थे और वे मुंगेली की निवासी हैं तथा सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी हैं। आग्रह पर वे भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। उनकी भावना और जज्बे को सभी ने नमन किया।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार यदु ने बताया कि अगला श्रद्धांजलि कार्यक्रम अप्रैल माह के प्रथम रविवार को शहीद पार्क सिग्नल चौक, कवर्धा में आयोजित किया जाएगा।

