जिले के सभी ग्राम पंचायतों में 7 अप्रैल को चावल उत्सव के साथ होगा रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन
रोजगार एवं आवास दिवस पर निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं का होगा निराकरण
जल संरक्षण,आजीविका एवं आवास पूर्ण करने पर होगी ग्रामीणों से चर्चा
कवर्धा, 06 अप्रैल 2026। शासन के निर्देशानुसार 07 अप्रैल 2026 को जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में रोजगार एवं आवास दिवस के साथ चावल उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर ग्रामीण विकास व आजीविका संवर्धन से जुड़े विभिन्न जन कल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत सभी प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने एवं मांग के आधार पर नए कार्य प्रारंभ करने पर चर्चा की जाएगी। जल संरक्षण के लिए मोर-गांव-मोर-पानी, मोर तरिया अभियान में “नवा तरिया-आय के जरिया” अभियान अंतर्गत समस्त संकुल स्तरीय संगठन के लिए नवा तरिया निर्माण करने उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन हेतु ग्रामीणों से चर्चा होगी।
जिला पंचायत सीईओं श्री अभिषेक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार एवं आवास दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास के निर्माण को गति देने के लिए ग्रामीणों से विचार विमर्श होगा। निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं का समाधान,सामग्रियों की आपूर्ति सहित हितग्राहियों को आजीविका से जोड़ने पर बातचीत की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास एवं जनमन आवास को 90 दिवस में पूर्ण करने के लिए ग्रामीणों के साथ मिलकर कार्य योजना बनाई जाएगी। सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार एवं आवास दिवस आयोजन करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं नए निर्देशों से ग्रामीणों को परिचित कराना है। सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने आगे बताया की रोजगार एवं आवास दिवस के साथ चावल उत्सव मनाया जाएगा और विभाग अंतर्गत अन्य महत्वपूर्ण विषय पर ग्रामीणों का ज्ञानवर्धन किया जाना है। ज्ञात हो की प्रत्येक माह की 7 तारीख को प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतो में रोजगार एवं आवास दिवस के साथ चावल उत्सव का आयोजन किया जाता है जिसमें ग्रामीण बड़ी संख्या में भागीदारी करते हैं।

