भोरमदेव महोत्सव 2026 में दुर्गेश्वरी की कत्थक नृत्य ने बांधा समां

कवर्धा,19 मार्च2026। भोरमदेव महोत्सव 2026 में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कत्थक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों का विशेष रूप से दिल जीत लिया। इस अवसर पर प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना दुर्गेश्वरी चंद्रवंशी ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी भाव-भंगिमा, लय और ताल का सुंदर समन्वय मंच पर साफ दिखाई दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। उन्होंने पारंपरिक कत्थक शैली को बहुत ही आकर्षक और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति में कला के प्रति समर्पण और वर्षों की मेहनत झलक रही थी। दुर्गेश्वरी चंद्रवंशी ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय से कथक नृत्य में स्नातक एवं स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वे दूरदर्शन की ‘बी ग्रेड’ कलाकार हैं तथा कथक नृत्य में उनके नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक महोत्सवों में अपनी प्रस्तुतियाँ दी हैं। भोरमदेव महोत्सव में उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।


