धान उठाव नहीं होने से बिडोरा धान खरीदी केंद्र पर संकट, बोरियों का लगा अंबार

स.लोहारा प्रतिनिधि कीर्तन पाटिल
धान उठाव नहीं होने से बिडोरा धान खरीदी केंद्र पर संकट, बोरियों का लगा अंबार
बिडोरा/स. लोहारा।
बिडोरा धान खरीदी केंद्र में धान का उठाव नहीं होने से हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। बिडोरा खरीदी केंद्र पर खरीदे गए धान की बोरियां लंबे समय से खुले में पड़ी हुई हैं, जिससे खरीदी व्यवस्था पर संकट खड़ा हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धान उठाव के लिए परिवहन व्यवस्था नहीं होने के कारण केंद्र परिसर में जगह की भारी कमी हो गई है। बोरियों के ढेर लगने से न सिर्फ नए धान के भंडारण में परेशानी आ रही है, बल्कि मौसम के प्रभाव से धान के खराब होने का भी खतरा बना हुआ है। इससे समिति प्रबंधन के साथ-साथ किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
किसानों का कहना है कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी तो की जा रही है, लेकिन समय पर उठाव नहीं होने से पूरी व्यवस्था चरमराने लगी है। यदि शीघ्र उठाव की व्यवस्था नहीं की गई, तो खरीदी प्रक्रिया प्रभावित होगी और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समिति पदाधिकारियों ने प्रशासन और खाद्य विभाग से तत्काल धान उठाव के लिए परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगामी दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।


