ChhattisgarhKCGखास-खबर

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, दुर्घटनाओं में कमी लाने समन्वित कार्यवाही के निर्देश

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़ // कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

ब्लैक स्पॉट की पहचान एवं सुधारात्मक कार्यवाही

लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों ने अवगत कराया कि पूर्व में चिन्हित एवं नवीन ब्लैक स्पॉट स्थलों के संबंध में प्राक्कलन तैयार किए जा रहे हैं। स्वीकृति प्राप्त होते ही आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

संबंधित विभागों द्वारा यह भी बताया गया कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई क्षेत्र में चिन्हित ब्लैक स्पॉट स्थलों पर सुधार कार्य, रोड मार्किंग एवं डायरेक्शन मार्किंग का कार्य गत माह पूर्ण किया जा चुका है, जिससे सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होने की संभावना है।

प्रवर्तन कार्यवाही एवं दुर्घटना विश्लेषण

परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा विगत दो वर्षों में की गई प्रवर्तन कार्यवाहियों की तुलनात्मक जानकारी प्रस्तुत की गई। वाहन श्रेणी एवं समयानुसार दुर्घटनाओं का विश्लेषण कर प्रमुख कारणों पर चर्चा की गई। यातायात विभाग ने पिछले वर्ष की तुलना में दुर्घटनाओं की स्थिति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया।

जनजागरूकता अभियान

1 जनवरी से 31 जनवरी तक आयोजित सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात पुलिस, परिवहन विभाग एवं शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। विद्यार्थियों को हेलमेट उपयोग, सीट बेल्ट अनिवार्यता, निर्धारित गति सीमा एवं यातायात संकेतों के पालन के संबंध में जानकारी दी गई।

जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि विदाई समारोह जैसे अवसरों पर विद्यार्थियों को विशेष रूप से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना के अंतर्गत जागरूकता प्रसार एवं सीपीआर (CPR) प्रशिक्षण की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

आवारा पशुओं की समस्या पर चर्चा

पशुपालन विभाग, जनपद पंचायत एवं नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि सरपंचों एवं रोजगार सहायकों को निर्देशित किया गया है कि आवारा पशुओं को सड़कों से हटाकर कांजी हाउस में रखा जाए, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

कलेक्टर के विशेष निर्देश

बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विदाई समारोह अथवा अन्य आयोजनों के दौरान विद्यार्थियों द्वारा वाहनों से स्टंट किए जाने की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा ऐसे मामलों में तत्काल कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने हिट एंड रन प्रकरणों की गहन जांच कर निर्धारित समय-सीमा में तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही बेताल रानी घाटी क्षेत्र में झाड़ियों की कटाई कर मार्ग की दृश्यता सुनिश्चित करने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सेल्फी पॉइंट स्थापित न करने तथा निर्माणाधीन स्थलों पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग एवं स्पष्ट रोड मार्किंग अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। रन कटेरा पुलिया के समीप समुचित संकेतक एवं मार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग को सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने तथा परीक्षा काल के दौरान विद्यार्थियों को समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने हेतु जागरूक करने के निर्देश दिए गए, जिससे जल्दबाजी में होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु प्रभावी एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page